"मातवी साप्ताहिक" (12 सितम्बर 2026) समाचार पत्र

मातवी साप्ताहिक - 12 सितम्बर 2026
RNI 33081 भारत सरकार से पंजीकृत

मातवी साप्ताहिक

सच की आवाज
वर्षः 48 | अंक: 36 कानपुर, शनिवार 12 सितम्बर 2026 मूल्यः 5 रुपया | पृष्ठः 8

दुनिया में बढ़ रही व्यापार की दीवारें, भारत बना रहा आर्थिक संबंधों के मजबूत पुल

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को नई दिल्ली में आयोजित ब्रिक्स बिजनेस फोरम के लीडर्स सेशन को संबोधित करते हुए कहा कि जब दुनिया के कई हिस्सों में व्यापारिक बाधाएं बढ़ रही हैं, तब भारत आर्थिक संबंधों को मजबूत करने और कारोबार के नए अवसर पैदा करने की दिशा में लगातार काम कर रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का दृष्टिकोण व्यापार में रुकावटें कम करने, बाजारों तक पहुंच बढ़ाने और देशों के बीच आर्थिक सहयोग को मजबूत करने पर केंद्रित है। वर्ष 2014 से भारत ने करीब 40 देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते किए हैं। वैश्विक स्तर पर बढ़ती व्यापार बाधाओं के बीच भारत आर्थिक संबंधों को जोड़ने वाले मजबूत पुल का निर्माण कर रहा है।

भारत की ब्रिक्स अध्यक्षता के दौरान कृषि, स्वास्थ्य, कौशल विकास और स्मार्ट ग्रिड जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में सहयोग के नए ढांचे विकसित किए गए हैं। इन पहलों का उद्देश्य सदस्य देशों के बीच अनुभव, तकनीक और संसाधनों के आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है। इससे आर्थिक सहयोग के साथ-साथ रोजगार और नवाचार के अवसर भी बढ़ सकते हैं।

उन्होंने स्टार्टअप और छोटे तथा मध्यम उद्यमों को वैश्विक बाजार से जोड़ने के लिए शुरू की गई पहलों का भी उल्लेख किया। ब्रिक्स इनक्यूबेटर नेटवर्क, ब्रिक्स एमएसएमई पोर्टल और ब्रिक्स स्टार्टअप इनोवेशन फंड जैसी पहल उद्यमियों को बाजार और वित्तीय संसाधनों तक बेहतर पहुंच उपलब्ध कराने में मदद कर सकती हैं।

भारत तेजी से सड़कों, रेलवे, बंदरगाहों और हवाई अड्डों का विस्तार कर रहा है। इसके साथ ही जहाज निर्माण, सेमीकंडक्टर, क्वांटम प्रौद्योगिकी, महत्वपूर्ण खनिज और जैव प्रौद्योगिकी जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में नई क्षमताएं विकसित की जा रही हैं।


योगी सरकार का सेवा संकल्प अभियानः 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक यूपी में चलेगा स्वच्छता और जनसेवा का महा-पर्व

लखनऊ। योगी सरकार प्रदेश में स्वच्छता, जनसेवा और जनभागीदारी को और मजबूत बनाने की दिशा में बड़े स्तर पर सेवा संकल्प अभियान एवं जन सेवा पर्व आयोजित करने जा रही है। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा की अध्यक्षता में संगम भवन, लखनऊ में अंतरविभागीय बैठक हुई।

नगर विकास मंत्री ने कहा कि यह एक बहुजनपदीय एवं बहुविभागीय कार्यक्रम है, जिसमें सभी विभागों की प्रभावी सहभागिता आवश्यक है। सभी नगर निगमों, नगर पालिका परिषदों एवं नगर पंचायतों को निर्देश दिए गए हैं कि 15 सितंबर से पहले सभी पार्षदों की बैठक आयोजित कर उन्हें अभियान की विस्तृत जानकारी दी जाए।

मंत्री एके शर्मा ने निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री आवास योजना, पीएम सूर्य घर योजना तथा अन्य सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को 17 सितंबर को दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद देने के लिए प्रेरित किया जाए।


यूपी में 3 से 6 साल के बच्चों के लिए 10 नई सुविधाओं से सजेगी बालवाटिका, नियमित मिलेगी प्रगति रिपोर्ट

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप 3 से 6 वर्ष आयुवर्ग के बच्चों की शैक्षिक नींव मजबूत करने के लिए बालवाटिकाओं को पूरी तरह क्रियाशील बनाने पर जोर दे रही है। खेल एवं गतिविधि आधारित सीखने के माध्यम से बच्चों में प्रारंभिक भाषा, साक्षरता एवं संख्याज्ञान के साथ शारीरिक, संज्ञानात्मक, सामाजिक- संवेगात्मक-नैतिक एवं सांस्कृतिक विकास को गति दी जाएगी, ताकि वे कक्षा-1 की औपचारिक शिक्षा के लिए तैयार हो सकें।

अपर मुख्य सचिव, बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा पार्थ सारथी सेन शर्मा की ओर से मंडलायुक्तों और शिक्षा अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। विद्यालय परिसर में स्थित आंगनबाड़ी केंद्रों को बालवाटिका के रूप में क्रियाशील करते हुए बच्चों के लिए कक्षा-कक्ष अथवा सुरक्षित स्थान उपलब्ध कराया जाएगा।

संपादक की कलम से

"मातवी" का भावार्थ

"मातवी" हमारे लिए केवल एक नाम नहीं, बल्कि एक संवेदना है। यह समाज के सुख-दुख, आशाओं-आकांक्षाओं और मानवीय भावनाओं से जुड़ा हुआ शब्द है।

हम मानते हैं कि पत्रकारिता केवल खबरों का संकलन नहीं, बल्कि समाज की आवाज़ बनने की जिम्मेदारी है। गाँव, कस्बे और शहर-हर जगह के आम जन, किसान, मजदूर, नौजवान, महिलाएँ, विद्यार्थी, छोटे व्यापारी और वे सभी लोग, जिनके मुद्दे अक्सर अनसुने रह जाते हैं- उनकी बात भी उतनी ही महत्वपूर्ण है।

हम सनसनी नहीं, सत्य को महत्व देते हैं। हमारा विश्वास है कि सकारात्मक, रचनात्मक और संवेदनशील पत्रकारिता ही समाज को बेहतर दिशा दे सकती है।

- सुदामा प्रसाद (संपादक)


शहर की सड़कों का मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण

कानपुर नगर। मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन ने आज शहर के प्रमुख मार्गों का स्थलीय निरीक्षण कर सड़कों की स्थिति और आवागमन की व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने रामादेवी से आईआईटी मार्ग, मैनावती मार्ग सहित विभिन्न प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया। खराब सड़क मिलने पर एनएच खंड के अधिशासी अभियंता को फटकार लगाई और दो दिन में पैचवर्क पूरा करने के निर्देश दिए।

"एकता में ही भारत की शक्ति है"
- सरदार वल्लभभाई पटेल

Matavi news

​Matavi News & MV: मातवी 1978 से RNI पंजीकृत हिंदी न्यूज़ नेटवर्क। राजनीति, अपराध और देश-प्रदेश की सटीक खबरें यहाँ पढ़ें।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

पढ़ने का समय नहीं? यह खबर सुनें ⬇️