औरैया 16 दिसम्बर 2023- मुख्य विकास अधिकारी अनिल कुमार की अध्यक्षता में प्रेरणा मिशन व निपुण भारत से संबंधित कार्यों व योजनाओं की समीक्षा बैठक विकास भवन सभागार में आयोजित हुई।
अमन त्रिवेदी की रिपोर्ट
बैठक में जिला स्तरीय एवं विकासखंड स्तरीय टास्क फोर्स द्वारा विद्यालयों पर भ्रमण व जांच की स्थिति एवं कृत कार्यवाही की समीक्षा करते हुए मुख्य विकास अधिकारी ने भ्रमण के दौरान विद्यालयों में पाई गई खामियों को सुधारने की दिशा में की गई कार्यवाहियों के बारे में जानकारी प्राप्त करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में सपोर्टिव सुपरविजन एवं एकेडमिक कार्यक्रमों का क्रियान्वयन, शिक्षण संकुल की बैठक की प्रगति, डीएलएड प्रशिक्षुओं द्वारा विद्यालयों में छात्रों के आकलन की प्रगति, रन रेट आधारित मॉनिटरिंग, रीडिंग फ्लूएंसी के विकास से संबंधित समीक्षा की। इसके साथ ही ऑपरेशन कायाकल्प के तहत प्रत्येक परिषदीय विद्यालयों में मूलभूत अवस्थापना संबंधी 19 सुविधाओं के संतृप्तिकरण की प्रगति, जर्जर भवन, आईटी के अंतर्गत निशुल्क प्रवेश की समीक्षा की। उन्होंने प्रेरणा मिशन व निपुण भारत के अंतर्गत सम्मिलित कराए जाने वाले सभी कार्यों व अवस्थापना सुविधाओं को आवश्यकतानुसार विभागीय समन्वयता के साथ कराए जाने के निर्देश दिए तथा कहा कि इस बात पर विशेष ध्यान दिया जाए कि सरकार की मंशा के अनुरूप कार्यक्रमों का क्रियान्वयन विद्यालय स्तर पर हो रहा है अथवा नहीं, उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर अनियमितता अथवा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी व कर्मचारी के विरुद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। इस मौके बीएसए अनिल कुमार, समस्त विकासखण्डों के बीईओ व एसआरजी सुनील दत्त राजपूत, अलका यादव व सुभाष रंजन द्विवेदी व डीसी उपस्थित रहे।
