औरैया: 'आयुष आपके द्वार' कार्यक्रम के अंतर्गत स्वास्थ्य शिविर संपन्न, 201 मरीजों का हुआ निःशुल्क उपचार
सहार, औरैया
दिनांक 14 अगस्त 2026 को जनपद औरैया के सहार ब्लॉक स्थित ग्राम शहवाजपुर में 'आयुष आपके द्वार' अभियान के तहत एक बृहद निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. सर्वेश कुमार के कुशल निर्देशन में आयोजित किया गया।
शिविर में राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय, बहादुरपुर के चिकित्साधिकारियों डॉ. हरिप्रताप सिंह और डॉ. भवभूषण ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। शिविर के दौरान डॉ. हरिप्रताप सिंह ने 101 रोगियों और डॉ. भवभूषण ने 100 रोगियों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क उपचार एवं परामर्श प्रदान किया। इस प्रकार कुल 201 मरीजों ने शिविर का लाभ उठाया।
उपचार के साथ-साथ, चिकित्सकों ने उपस्थित मरीजों को वर्षा ऋतु में स्वास्थ्य संबंधी विशेष सावधानियां बरतने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने आहार-विहार, दिनचर्या और ऋतुचर्या के महत्व पर विस्तार से चर्चा की और मौसमी बीमारियों से बचाव के उपाय बताए।
इस अवसर पर डॉ. हरिप्रताप सिंह, डॉ. भवभूषण के अतिरिक्त श्री अनिल कुमार, श्री अजय कुमार, ग्राम प्रधान श्री प्यारे लाल एवं श्री आशुतोष पाल सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे, जिन्होंने शिविर को सफल बनाने में अपना पूर्ण सहयोग प्रदान किया।

