औरैया। जनपद के बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा संचालित ए.आर.पी. (एकेडमिक रिसोर्स पर्सन) तृतीय चरण की बहुप्रतीक्षित चयन प्रक्रिया के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संदीप कुमार द्वारा जारी की गई फाइनल मेरिट सूची में विकास खंड बिधूना के शिक्षकों ने अपनी श्रेष्ठता सिद्ध करते हुए जनपद में सफलता का परचम लहराया है।

चयन प्रक्रिया के अंतर्गत आयोजित लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में शानदार प्रदर्शन करते हुए U P S कामपोजिट माढोक मीत (विकास खंड बिधूना) के संचालक श्री विश्वनाथ सिंह ने मेरिट सूची में प्रथम स्थान प्राप्त कर पूरे जिले में टॉप किया है। एक विद्यालय संचालक के रूप में उनकी इस दोहरी उपलब्धि पर पूरे शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है।

मेरिट के टॉप 5 चयनित अभ्यर्थी

  1. विश्वनाथ सिंह (माढोक मीत)
  2. हिमांशु अवस्थी
  3. अंकित कुमार
  4. नीरज कुमार
  5. आलोक सिंह राठौर

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अपने कार्यालय-ज्ञाप में स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि उपरोक्त सभी चयनित अभ्यर्थियों को 22 अगस्त 2026 तक अनिवार्य रूप से अपनी योगदान आख्या प्रस्तुत करनी होगी। निर्धारित समय-सीमा के भीतर योगदान आख्या प्राप्त होने के उपरांत ही ब्लॉक आवंटन की विभागीय कार्यवाही संपादित की जाएगी।

इस शानदार उपलब्धि पर साथी शिक्षकों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों और स्थानीय नागरिकों ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। विकास खंड बिधूना के लिए यह परिणाम विशेष रूप से गौरवपूर्ण रहा है, क्योंकि यहाँ के शिक्षकों ने जनपद स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।

- ब्यूरो चीफ औरैया / उप संपादक अमन त्रिवेदी