पत्नी की हत्या कर चाबी ससुर को थमाई, चार दिन बाद हत्यारा पति गिरफ्तार

 पत्नी की हत्या कर चाबी ससुर को थमाई,


 चार दिन बाद हत्यारा पति गिरफ्तार 


रिपोर्ट विकास अवस्थी पत्रकार जिला मुख्यालय ककोर 




बेला थाना क्षेत्र के पट्टी ज्ञानी गांव में पत्नी की हत्या कर फरार हुए आरोपी पति को पुलिस ने चार दिन बाद गिरफ्तार कर लिया। थाना बेला, एसओजी और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने आरोपी को तिर्वा रोड बॉर्डर बैरियर के पास भदौरा मोड़ से दबोचा। पुलिस ने उसके कब्जे से हत्या में प्रयुक्त बताए गए दो अंगौछे बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपी ने पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की है।

पुलिस के मुताबिक पट्टी ज्ञानी निवासी तेजराम राजपूत ने 4 सितंबर को डायल-112 पर सूचना दी थी कि उनके दामाद प्रमोद कुमार ने उनकी 35 वर्षीय पुत्री रेखा की गला घोंटकर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही बेला पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा बंद था और आरोपी वहां से फरार हो चुका था। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

तेजराम की तहरीर पर पुलिस ने प्रमोद के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की कई टीमें आरोपी की गिरफ्तारी में लगाई गई थीं।

पहले पत्नी को मारा, फिर ससुर को थमा दी घर की चाबी

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी ने घर का दरवाजा बंद किया और अपने ससुर के पास पहुंच गया। आरोपी ने ससुर को घटना की जानकारी देने के साथ घर की चाबी उनके हाथ में थमा दी और मौके से फरार हो गया। इससे पहले वह कथित रूप से पत्नी की हत्या कर चुका था।

पुलिस के अनुसार प्रमोद वर्ष 2015 में रेखा से शादी के बाद ससुराल में ही रह रहा था। दंपती के तीन बेटे हैं। रेखा अपने पिता की इकलौती बेटी थी और उसके नाम करीब तीन बीघा जमीन तथा एक प्लॉट था। पुलिस का कहना है कि आरोपी पत्नी के चरित्र पर शक करता था और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

पूछताछ में आरोपी ने यह भी बताया कि उसने जमीन और प्लॉट अपने नाम करा लिया था। 4 सितंबर को जन्माष्टमी के दिन इसी विवाद को लेकर दोनों के बीच झगड़ा हुआ। आरोप है कि गुस्से में प्रमोद ने अंगौछे से रेखा का गला, मुंह और नाक दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।

पुलिस के मुताबिक घटना के समय घर में बच्चे या परिवार का कोई अन्य सदस्य मौजूद नहीं था। वारदात के बाद आरोपी ने कमरे को बंद किया और वहां से निकल गया। पुलिस टीम ने मंगलवार रात करीब 8 बजे भदौरा मोड़ के पास घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में विवेचना के दौरान अन्य धाराओं की भी बढ़ोतरी की गई है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है।

गिरफ्तार आरोपी: प्रमोद कुमार पुत्र रामनारायन, उम्र करीब 38 वर्ष, मूल निवासी अचनकापुर, थाना इंदरगढ़, कन्नौज, हाल निवासी पट्टी ज्ञानी, थाना बेला,जिला औरैया का है : थाना प्रभारी निरीक्षक अमर बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक समित चौधरी प्रभारी सर्विलांस/स्वाट टीम, उपनिरीक्षक संदीप सिंह व पुलिस टीम ने दबोचा।




Matavi news

​Matavi News & MV: मातवी 1978 से RNI पंजीकृत हिंदी न्यूज़ नेटवर्क। राजनीति, अपराध और देश-प्रदेश की सटीक खबरें यहाँ पढ़ें।

एक टिप्पणी भेजें

और नया पुराने

पढ़ने का समय नहीं? यह खबर सुनें ⬇️